मां का पट खुलते ही उमड़ा आस्था का सैलाब,मझिआंव एवं बरडीहा के पूजा पंडालों में धूमधाम से हो रही मां दुर्गा की आराधना, कई जगह निकाली गई कलश यात्रा

पुजा पंडालों में भ्रमण किए डीसी , एसपी एवं विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह

अनूप सिंह 

मझिआंव(गढ़वा):- मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड क्षेत्र में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा का पट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां के दर्शन को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखा गया। पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। विभिन्न पूजा समितियों की ओर से कलश यात्रा भी निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं बरडीहा बीडीओ ने भी कई कलश यात्रा में शामिल हुए।

मझिआंव नगर क्षेत्र के ब्लॉक रोड स्थित शिव मंदिर परिसर में शिव शक्ति संघ, बाजार समिति में यंग स्टार क्लब, चंद्रवंशी टोला में नवदीप संघ तथा लोहरपुरवा में सार्वजनिक कला समिति की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। इसके अलावा खजूरी, आमर, बकोइया, गोपालपुर, करमडीह, बोदरा, बड़का खाला, गहीड़ी, खरसोता और मोरबे सहित विभिन्न गांवों में भी पूजा की धूम है।

वहीं बरडीहा प्रखंड के तमाम हिंदू बहुल क्षेत्रों में पूजा पंडाल सजाए गए हैं। आकर्षक सजावट और मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालु लगातार पहुंच रहे हैं। पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

वहीं शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड के विभिन्न गांवों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

विधायक ने मझिआंव प्रखंड के बभनी एवं बिच्छी तथा बरडीहा प्रखंड के सलगा, कौवाखोह, बरडीहा मेन रोड, लेभरी, कोल्हुआ, लोका, मझिगांवा एवं बरछा बांध स्थित दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

नवरात्र के इस पावन अवसर पर गांवों से लेकर बाजारों तक उत्सव का माहौल बना हुआ है। पूजा-अर्चना और भक्ति गीतों से क्षेत्र गुंजायमान है। श्रद्धालु मां दुर्गा से सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। दुर्गा पूजा को लेकर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में भी विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Comment