आर.के. पब्लिक स्कूल में मना राष्ट्रीय एकता दिवस, सरदार पटेल को किया नमन

अनूप सिंह

मझिआंव (गढ़वा):- आर.के. पब्लिक स्कूल उंचरी में शनिवार को लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य के.आर. झा सहित शिक्षकों द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता से देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता को मजबूत आधार दिया। उनका जीवन देशसेवा, राष्ट्रभक्ति और एकजुटता की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने के साथ समाज में आपसी सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के बीच ‘यूनिटी रन’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया। साथ ही फिट इंडिया फ्रीडम रन का भी समापन हुआ।

विद्यालय के अध्यक्ष, शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता अलख नाथ पांडेय ने अपने संदेश में स्वतंत्रता आंदोलन और देश के एकीकरण में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की।

मौके पर विद्यालय के शिक्षक रूपेश कुमार पांडेय, धीरज कुमार पांडेय, स्नेहा सिंह, स्नेहा मिश्रा, प्रीति सिंह, ममता सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

Leave a Comment