झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर रंका हाई स्कूल केंद्र का अधिकारियों ने किया निरीक्षण 

एसडीओ मोहम्मद प्रवेज ने केंद्राधीक्षक को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, पारदर्शी परीक्षा संचालन को लेकर प्रशासन सतर्क

सच्चिदानंद जी 

रंका(गढ़वा):- झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर अनुमंडल प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद प्रवेज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डीएसपी रोहित रंजन सिंह, रंका अंचल अधिकारी शिवपूजन तिवारी, रंका थाना प्रभारी विष्णु कांत एवं केंद्राधीक्षक इंद्र नारायण झा ने रंका स्थित राजकीयकृत उच्च विद्यालय 10+2 परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र के प्रत्येक कक्ष का बारीकी से जायजा लिया तथा परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद प्रवेज ने केंद्राधीक्षक को विभागीय दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।

बताते चलें कि झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा आगामी 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने जा रही है। करीब एक दशक बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के साथ-साथ शिक्षा विभाग एवं प्रशासन भी गंभीर है। परीक्षा के सफल संचालन के लिए विभाग की ओर से कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

अनुमंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न कराना है।

Leave a Comment