उमेश कुमार
रमना:- प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया पंचायत के चना कला, गरदा और केरवा-मानदोहर गांव के राशन कार्डधारियों ने नियमित अनाज नहीं मिलने के विरोध में आंदोलन का निर्णय लिया है। रविवार को चना कला देवी धाम परिसर में हुई बैठक में सैकड़ों महिला-पुरुष लाभुक शामिल हुए।
लाभुकों ने बताया कि पहले वे ज्योति महिला स्वयं सहायता समूह की पीडीएस दुकान से जुड़े थे। अनियमितता की शिकायत पर पिछले वर्ष उन्हें गम्हरिया के एक दुकान से संबद्ध किया गया। वहां भी गड़बड़ी की शिकायत के बाद सिलीदाग के दूसरे डीलर से जोड़ दिया गया। इसके बावजूद राशन वितरण में सुधार नहीं हुआ। समय पर अनाज नहीं मिलने से गरीब परिवारों के सामने भोजन का संकट है।

बैठक में रविवार को रमना प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करने और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। इसमें नियमित राशन वितरण और बकाया अनाज उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी।
बैठक में मनोरमा देवी, राजपति देवी, हेमवती देवी, शांति देवी, बसंती देवी, मुन्नी देवी, संध्या देवी, बिंदा देवी और गीता देवी सहित सैकड़ों लाभुक उपस्थित थे।

