सेवानिवृत्त पंचायत सचिव को दी गई भावपूर्ण विदाई, बीडीओ राजेश कुमार ने की कार्यकाल की सराहना

अनूप सिंह 

(गढ़वा:- कांडी प्रखंड कार्यालय के सभागार में शनिवार को पतरिया पंचायत के सेवानिवृत्त पंचायत सचिव संतोष कुमार सिंह के सम्मान में भावपूर्ण विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राजेश कुमार ने की। इस अवसर पर प्रखंड के पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सेवानिवृत्त पंचायत सचिव को पुष्पमाला पहनाकर तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त पंचायत सचिव संतोष कुमार सिंह ने अपने सेवाकाल के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 24 नवंबर 2005 को मझिआंव प्रखंड कार्यालय में पंचायत सचिव के रूप में अपना पहला योगदान दिया था। इसके बाद उन्होंने अपने लगभग 21 वर्षों के सेवाकाल में मझिआंव, मेराल, श्री बंशीधर नगर एवं कांडी प्रखंड में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने सरकारी दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि अपने सेवाकाल के दौरान हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने का प्रयास किया। जनता की निस्वार्थ सेवा करना उनके कार्यकाल का मुख्य उद्देश्य रहा।

वहीं, बीडीओ राजेश कुमार ने समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी सेवा में कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति को एक न एक दिन सेवानिवृत्त होना पड़ता है। यह सरकारी सेवा की स्वाभाविक परंपरा है। लेकिन किसी भी कर्मचारी के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि यह होती है कि वह अपने पूरे सेवाकाल को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और बेदाग छवि के साथ पूरा करे।

उन्होंने पंचायत सचिव संतोष कुमार सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि आज के परिवेश में पूरी ईमानदारी के साथ अपनी सेवा पूरी कर सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त होना अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। संतोष कुमार सिंह ने जिस-जिस पंचायत में अपनी सेवाएं दीं, वहां के जनता के बीच लोकप्रिय बने रहे। उनके कार्यकाल के दौरान किसी भी व्यक्ति की ओर से उनके खिलाफ किसी प्रकार का प्रत्यक्ष आरोप सामने नहीं आया। यह उनकी ईमानदारी, कार्यशैली और जनता के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

बीडीओ ने आगे कहा कि सरकारी कर्मचारियों के लिए संतोष कुमार सिंह का सेवाकाल प्रेरणादायक है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य, दीर्घायु एवं बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद वे अपने परिवार के साथ सुखमय एवं स्वस्थ जीवन व्यतीत करें।

इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय, बीडीसी प्रतिनिधि अनूप कुमार, पंचायत सचिव शाहिद अंसारी, प्रवीण कुमार पांडेय, परमानंद राम, राजेंद्र राम, अंजनी कुमार, शुभम कुमार, बीपीओ कमलेश कुमार, श्रीकांत सिंह, सीआई गणेश सिंह, चौधरी बाबू खान, सहित प्रखंड के कई कर्मी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। समारोह का माहौल भावुक रहा। उपस्थित लोगों ने संतोष कुमार सिंह के साथ बिताए गए कार्यकाल के अनुभव साझा किए तथा उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

Leave a Comment