विपत्र वाहक के इस्तीफे से बरडीहा में शिक्षकों के वेतन भुगतान पर संकट

सहयोग नहीं मिलने और विद्यालय में शिक्षकों की कमी का दिया हवाला, त्योहार से पहले वेतन भुगतान की मांग

अनूप सिंह 

गढ़वा:- बरडीहा प्रखंड में सहायक शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों के वेतन समेत अन्य कार्यों के लिए प्रतिनियुक्त विपत्र वाहक संजय कुमार तिर्की ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उत्क्रमित उच्च विद्यालय बरडीहा में पदस्थापित विज्ञान शिक्षक तिर्की ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधीक्षक को पत्र लिखकर त्यागपत्र सौंपा है। उनके इस्तीफे से प्रखंड के शिक्षकों के वेतन भुगतान से जुड़े कार्यों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

संजय कुमार तिर्की ने अपने पत्र में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के सहायक शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की बात कही है। साथ ही उन्होंने बताया कि वे अपने विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक विज्ञान विषय के एकमात्र शिक्षक हैं। ऐसे में विद्यालय की शैक्षणिक जिम्मेदारियों के साथ विपत्र वाहक का अतिरिक्त कार्य संभालने और आंकड़ों का संधारण करने में परेशानी हो रही थी।

इधर, छठ और दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार नजदीक आने के कारण शिक्षकों की चिंता बढ़ गई है। शिक्षकों का कहना है कि वेतन भुगतान की प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट व्यवस्था नहीं होने से वे असमंजस में हैं। उनका आरोप है कि पूर्व में त्योहारों से पहले वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए पहल की जाती थी, लेकिन इस बार स्थिति को लेकर वे मायूस हैं।

शिक्षकों ने जिला शिक्षा अधीक्षक से बरडीहा प्रखंड में वेतन संबंधी कार्यों के लिए तत्काल विपत्र वाहक की प्रतिनियुक्ति करने और लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि शिक्षक त्योहार अपने परिवार के साथ मना सकें।

Leave a Comment