बरडीहा बीडीओ श्री सिंह सिंह ने की त्वरित पहल: शिक्षकों के वेतन विलंब और अवैध वसूली पर कड़ा रुख, प्रधानाचार्य को सख्त चेतावनी दी 

अनूप सिंह 

गढ़वा:-बरडीहा प्रखंड क्षेत्र के उच्च विद्यालयों एवं प्लस टू विद्यालयों के शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दीपावली और छठ जैसे महान पर्वों के नजदीक आने के बावजूद वेतन भुगतान में हो रही देरी, और शिक्षकों से की जा रही अवैध वसूली के मामलों पर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने कड़ा संज्ञान लिया है। बीडीओ की इस त्वरित और निर्णायक कार्रवाई से शिक्षकों ने राहत की सांस ली है और वे उनकी कार्यशैली की सराहना कर रहे हैं।

त्योहारों के बीच वेतन संकट और शिक्षकों की पीड़ा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मझिआंव के करमडीह स्थित मुखदेव +2 उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य सह डीडीओ रविशंकर ओझा की लेटलतीफी और कार्यशैली के कारण शिक्षकों को हर महीने समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है। दुर्गा पूजा के समय भी शिक्षकों को समय पर सैलरी नसीब नहीं हुई थी, और अब दीपावली तथा छठ जैसे पवित्र त्योहार सिर पर हैं, लेकिन शिक्षकों में संशय बना हुआ था कि उन्हें समय पर वेतन मिलेगा या नहीं।

नियमित वेतन न मिलने के कारण शिक्षकों की ईएमआई फेल होने और गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करने की बात सामने आई, जिससे उनका ध्यान शिक्षण कार्यों से भटक रहा था।

अपनी इस गंभीर समस्या को लेकर पीड़ित शिक्षकों ने बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह से मुलाकात की और अपनी आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को समझते हुए श्री सिंह ने तुरंत एक्शन मोड में आए।

उन्होंने प्रधानाचार्य रविशंकर ओझा को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिया , और कहा कि विभाग और सचिव महोदय के स्पष्ट आदेशानुसार किसी भी हाल में हर महीने की 1 या 2 तारीख को शिक्षकों का वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। वेतन में एक भी दिन की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वेतन बिल निकालने के नाम पर शिक्षकों से प्रति शिक्षक 50-50 रुपए की जो अवैध वसूली की जा रही है, उसे तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए।

“मेरे ब्लॉक में आकर निकालें बिल, एक रुपया नहीं लगेगा”

जब प्रधानाचार्य रविशंकर ओझा ने बिल निकालने में खर्च होने की दलील दी, तो बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया कि बिल प्रोसेसिंग और एनआईसी (NIC) या किसी भी संस्थान की सेवाएं पूरी तरह निशुल्क हैं। उन्होंने निर्देश दिया, “आप मेरे ब्लॉक आकर बिल निकालिए, आपको एक रुपया नहीं लगेगा। जहां भी पैसे देने की बात है, आप मुझसे बात कराइए।”

बीडीओ साहब ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि भविष्य में शिक्षकों से पैसे लेने की दोबारा कोई शिकायत मिली, तो उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।

बीडीओ श्री प्रवीण कुमार सिंह के इस साहसिक, न्यायप्रिय और शिक्षक-हितैषी कदम से पूरे प्रखंड के शिक्षकों में खुशी की लहर है और वे इसे प्रशासनिक पारदर्शिता और सुशासन की एक बेहतरीन मिसाल मान रहे हैं।

Leave a Comment