अनूप सिंह
कांडी: सरकारी आवास योजनाओं का लाभ लेने के बाद भी निर्माण कार्य में रुचि नहीं दिखाने वाले लाभुकों के प्रति अब प्रखंड प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी राजेश कुमार ने खरौंधा पंचायत के विभिन्न गांवों में पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास एवं अबुआ आवास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आवास निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मियों और लाभुकों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने पाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के कुछ लाभुक पहली किस्त की राशि प्राप्त करने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कर सके हैं। वहीं, अबुआ आवास योजना के कुछ लाभुक दूसरी किस्त की राशि लेने के बाद भी छत की ढलाई नहीं करा रहे हैं। इस पर उन्होंने संबंधित लाभुकों को कड़ी चेतावनी देते हुए अविलंब निर्माण कार्य शुरू करने और अधूरे कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।

इस दौरान बीडीओ राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराना है। ऐसे में राशि प्राप्त करने के बाद भी निर्माण कार्य लंबित रखना उचित नहीं है। उन्होंने पंचायत सचिव अंजनी प्रसाद, आवास समन्वयक शुभम कुमार एवं पंचायत सहायकों को नियमित रूप से गांवों में जाकर आवास निर्माण की स्थिति का भौतिक सत्यापन करने तथा लाभुकों को कार्य पूरा कराने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। साथ ही लापरवाही बरतने वाले लाभुकों के खातों पर नियमानुसार होल्ड लगाने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाने को कहा।

गौरतलब है कि बीडीओ राजेश कुमार द्वारा योजनाओं की प्रगति जानने के लिए सीधे गांवों में पहुंचकर स्थल निरीक्षण करने की पहल से पंचायत स्तर पर कार्यों की निगरानी को लेकर प्रशासनिक सक्रियता दिखाई दे रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क पर खुलेआम घूम रहे पालतू मवेशियों को भी हटवाया, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो। उनके इस दौरे में आवास योजना की प्रगति के साथ ग्रामीण क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर भी प्रशासन का ध्यान देखने को मिला।

