लड़की अपहरण मामले में नया मोड़, प्रेमी युगल ने किया कोर्ट मैरिज, पुलिस ने किया बरामद

अनूप सिंह 

गढ़वा: – मझिआंव थाना क्षेत्र के बहुचर्चित लड़की अपहरण मामले में मंगलवार को नया खुलासा हुआ है। पुलिस ने अपहृत युवती को एक युवक के साथ सकुशल बरामद कर लिया है। बरामदगी के बाद युवती को बयान के लिए गढ़वा व्यवहार न्यायालय भेजा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार कांडी थाना क्षेत्र के भरत पहाड़ी गांव निवासी उपेंद्र राम ने 24 अक्टूबर को मझिआंव थाना में लिखित आवेदन देकर बताया था कि उनकी बालीक पुत्री को चंद्रवंशी डिग्री कॉलेज के पास से अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण कर लिया है।

आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मझिआंव पुलिस ने कांड संख्या 101/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस मेराल थाना क्षेत्र के दलेली गांव निवासी अशोक चंद्रवंशी (26 वर्ष), पिता राजदेव चंद्रवंशी तक पहुंची।

पुलिस ने छापेमारी कर युवती और युवक को सकुशल बरामद कर लिया। मंगलवार को दोनों के बरामद होने की सूचना पर थाना परिसर में दोनों पक्षों के परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी।

वहीं मिली जानकारी के अनुसार जांच में पता चला है कि युवती और अशोक के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिजनों द्वारा शादी से इनकार करने पर दोनों ने गढ़वा कोर्ट में जाकर वकील के माध्यम से कोर्ट मैरिज कर ली है।

अशोक चंद्रवंशी ने बताया कि “हम दोनों बालिक हैं और अपनी मर्जी से कोर्ट में शादी की है।”

इस संबंध में थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि “लड़की के पिता के द्वारा अपहरण का आवेदन दिया गया था। थाना कांड संख्या 101/26 के अंतर्गत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया है। लड़की को 164 के बयान के लिए गढ़वा न्यायालय भेजा गया है। न्यायालय के आदेश के बाद अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Comment