मझिआंव में दम तोड़ रही ममता वाहन योजना, 12 में आठ वाहन बंद, गर्भवती महिलाओं को कौन पहुंचाएगा अस्पताल

करीब 12 लाख रुपये का भुगतान बकाया, कर्ज में डूबे वाहन मालिकों के सामने परिवार चलाने का संकट

अनूप सिंह 

मझिआंव(गढ़वा):- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मझिआंव में गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने और प्रसव के बाद घर छोड़ने की महत्वपूर्ण ममता वाहन योजना बदहाली की कगार पर पहुंच गई है। प्रखंड में संचालित 12 ममता वाहनों में से आठ पहले ही बंद हो चुके हैं, जबकि शेष चार वाहन भी भुगतान नहीं होने के कारण बंद होने की कगार पर हैं। वहीं कुछ महीने से एक वाहन जुड़ा है लेकिन किसी का भुगतान नहीं किया गया है। वाहन मालिकों के अनुसार 15 माह से भुगतान बंद है और करीब 12 लाख रुपये की राशि बकाया हो गई है। इससे वाहन मालिकों के सामने आर्थिक संकट गहराने लगा है। और किसी तरह अपने वाहन को चला रहे हैं।

ममता वाहन योजना का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को जरूरत के समय घर से अस्पताल और प्रसव के बाद अस्पताल से घर तक सुरक्षित पहुंचाना है। इसके लिए वाहन मालिकों को 24 घंटे सेवा देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रात हो या दिन, आपात स्थिति में प्रसूता महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए ममता वाहन उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके बावजूद महीनों से भुगतान नहीं होने से वाहन मालिकों के लिए इस सेवा को जारी रखना मुश्किल होता जा रहा है।

 

वाहन मुताज सहित अन्य मालिकों का कहना है कि ममता वाहन चलाने के लिए उन्होंने कर्ज लेकर गाड़ियां खरीदी थीं। वाहन की किस्त, ईंधन, मरम्मत और अन्य खर्चों का बोझ लगातार बढ़ रहा है। वहीं, भुगतान नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो गया है। कई वाहन मालिक कर्ज के दबाव में हैं। ऐसी स्थिति में सेवा जारी रखना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। वाहन मालिकों ने कहा कि एक तो सरकार द्वारा बढ़ती मंहगाई में रेट कम कर दिया गया जिसके कारण कई वाहन बंद कर दिया है, और हम सब किसी तरह चला रहे हैं तो 15 माह तक भुगतान नहीं किया जा रहा है।

वाहन बंद हुए तो प्रसूताओं की बढ़ेगी परेशानी:

 

ममता वाहनों की संख्या लगातार घटने से गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचने में परेशानी हो सकती है। खासकर रात में या आपात स्थिति में वाहन नहीं मिलने पर परिजनों को निजी वाहन का सहारा लेना पड़ सकता है, जिससे उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह स्थिति और मुश्किल पैदा कर सकती है।

स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी इस महत्वपूर्ण योजना को सुचारु बनाए रखने के लिए बकाया भुगतान का समय पर निपटारा और बंद पड़े वाहनों के संचालन की व्यवस्था जरूरी है। यदि जल्द पहल नहीं हुई तो इसका सीधा असर गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों पर पड़ सकता है।

Leave a Comment