छठ महापर्व पर मझिआंव एवं बरडीहा थाना परिसर में होगा फलाहार वितरण, दोनों थाना प्रभारियों ने व्रतियों को किया आमंत्रित

अनूप सिंह 

 मझिआंव-बरडीहा:- लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर मझिआंव थाना प्रभारी अमित कुमार एवं बरडीहा थाना प्रभारी राहुल सिंह की ओर से रविवार 15 नवंबर को थाना परिसर में फलाहार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत सुबह से छठ व्रतियों के बीच फलाहार का वितरण किया जाएगा। वहीं थाना प्रभारी राहुल सिंह ने प्रखंड क्षेत्र के तमाम छठ व्रतियों से अपील की है कि वे रविवार की सुबह अधिक से अधिक संख्या में बरडीहा थाना परिसर पहुंचकर फलाहार प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता, समर्पण और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर छठ व्रतियों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। इसी भावना से फलाहार वितरण की पहल की गई है, ताकि छठी मैया को अर्पित किए जाने वाले प्रसाद के रूप में व्रतियों को फलाहार उपलब्ध कराया जा सके।

थाना प्रभारी की इस सामाजिक एवं धार्मिक पहल की प्रखंड क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा इस नेक प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन की ओर से इस तरह के सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता से आम जनता और पुलिस के बीच आपसी विश्वास एवं सौहार्द का रिश्ता मजबूत होता है।

राहुल सिंह की इस पहल को क्षेत्र में सेवा, समर्पण और सामाजिक सद्भाव की एक सराहनीय मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Comment