कांडी : स्थानीय थाना एवं सतबहिनी विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में सतबहिनी झरना तीर्थ में वृहद सफाई अभियान चलाया जाएगा। सफाई अभियान 18 नवंबर की सुबह 7:00 से 9:00 बजे तक चलेगा। इस अभियान का नेतृत्व मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के अध्यक्ष सह विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह करेंगे।
प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में लोक आस्था के महापर्व छठ के विराट आयोजन के दौरान चारों तरफ गंदगी पसर गई है। इसकी सफाई अत्यंत आवश्यक है। मालूम हो कि इस पर्यटन स्थल पर प्रतिदिन दर्जन डेढ़ दर्जन गाड़ियों में बाहर के पर्यटक आया करते हैं। इस लिहाज से यहां की सफाई अत्यंत आवश्यक है। गढ़वा जिला के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव आनंद ने भी सतबहिनी भ्रमण के दौरान सफाई की जरूरत बताई है। मौके पर मौजूद थाना प्रभारी कांडी ऋषिकेश कुमार सिंह ने 18 नवंबर की सुबह बृहद सफाई अभियान चलाए जाने का प्रस्ताव रखा। जिसे समिति ने अपनी भागीदारी के साथ संपन्न कराए जाने का निर्णय लिया। समिति के अध्यक्ष सह विधायक नरेश प्रसाद सिंह एवं सचिव पंडित मुरलीधर मिश्र ने समिति के सभी कोटि के सदस्यों एवं तमाम श्रद्धालु आम जनों से भी इस सफाई अभियान में समय पर पहुंचकर भाग लेने की अपील की है।