अधिकांश विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना प्रभावित, उधारी के सहारे बच्चों को भोजन करा रहे विद्यालय प्रबंधक
अनूप सिंह
गढ़वा:- मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम) आर्थिक संकट से जूझ रही है। राशि के अभाव में बरडीहा प्रखंड के पीएम श्री उच्च विद्यालय सेमरी में पिछले 20 दिनों से मध्याह्न भोजन बंद है। वहीं, मझिआंव और बरडीहा प्रखंड के अधिकांश विद्यालयों में भी योजना का संचालन प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। कहीं दुकानदारों से उधार लेकर भोजन तैयार किया जा रहा है, तो कहीं निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को भोजन नहीं मिल पा रहा है।

पीएम श्री उच्च विद्यालय सेमरी के विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, संयोजिका एवं प्रधानाध्यापक ने इस समस्या को लेकर बरडीहा बीआरसी कार्यालय में लिखित आवेदन भी दिया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशुतोष कुमार तिवारी ने बताया कि कक्षा एक से आठ तक विद्यालय में करीब 757 बच्चे नामांकित हैं। अप्रैल से अब तक मात्र चार दिनों के लिए ही मध्याह्न भोजन की राशि उपलब्ध कराई गई है। अतिरिक्त पोषाहार के तहत अंडा एवं फल की राशि से किसी तरह कुछ दिनों तक भोजन संचालित किया गया। इसके बावजूद अब तक करीब 3.50 लाख रुपये की उधारी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि दुकानदारों से उनकी क्षमता और साख के अनुसार उधार लेकर किसी तरह योजना चलाई जा रही थी। इसी तरह उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरछाबांध में भी लगभग ₹5 लाख से अधिक एवं मझिआंव प्रखंड के पीएम श्री उच्च विद्यालय खरसोता में चार लाख से अधिक मध्यान भोजन बकाया राशि की जानकारी मिली है।

इधर, एमडीएम प्रभारी रामाकांत तिवारी ने बताया कि फिलहाल सेमरी स्थित पीएम श्री विद्यालय में भोजन बंद होने की सूचना मिली है। विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से लिखित आवेदन भी प्राप्त हुआ है।



