झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा पर सखी मंडल की महिलाओं ने लिया समूह से विकास का संकल्प
अनूप सिंह
गढ़वा :- मझिआंव प्रखंड क्षेत्र के बोदरा पंचायत अंतर्गत हरिगांवा गांव में शनिवार को विकास और खुशियों का उत्सवी माहौल देखने को मिला। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर एक ओर ग्रामीणों को सड़क निर्माण की सौगात मिली, तो दूसरी ओर एक जरूरतमंद परिवार को अपने पक्के घर का सपना भी साकार हुआ। कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती कनक एवं पंचायत की मुखिया पूनम देवी ने संयुक्त रूप से विधिवत पूजा-अर्चना कर जी राम जी योजना के तहत तेलियाही बांध से असर्फी राम के घर तक मिट्टी-मोरम पथ निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया।
इस सड़क के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
वहीं, हरिगांवा गांव में ही अबुआ आवास योजना के तहत प्रेम शिला देवी, पति गौतम कुमार प्रभाकर के नवनिर्मित आवास का गृह प्रवेश कराया गया। नए घर में प्रवेश के साथ लाभुक परिवार के चेहरे पर खुशी और संतोष दिखाई दिया।इसी क्रम में झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत ग्रामीण महिला सखी मंडल की सदस्यों ने ‘समूह से विकास का संकल्प’ विषय पर शपथ ली। महिलाओं ने सामूहिक प्रयास, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण विकास में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दोहराया।




