अनूप सिंह
गढ़वा : युवाओं के प्रेरणास्रोत, ओजस्वी विचारक एवं युगद्रष्टा स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को विद्यार्थियों तक पहुंचाने तथा उनकी प्रतिभा को एक सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद्, इकाई कांडी द्वारा स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस आयोजन को लेकर परिषद् के कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा, उत्साह और समर्पण के साथ जुटे हुए हैं।
प्रखंड के सभी उच्च विद्यालयों एवं +2 विद्यालयों के कक्षा 9 वीं से 12 वीं तक के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पंजीयन प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है। आयोजन का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की ज्ञान क्षमता का मूल्यांकन करना नहीं, बल्कि उनमें जिज्ञासा, आत्मविश्वास, सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत करना भी है।
प्रतियोगिता जानकारी देते हुए नगर मंत्री लक्की चंद्रवंशी ने बताया कि स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं। परिषद् के कार्यकर्ता इस आयोजन को यादगार और सफल बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन हम सभी युवाओं के लिए प्रेरणा का अनंत स्रोत है। उनका विचार था कि युवा शक्ति ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। इसी विचार को आत्मसात करते हुए परिषद् विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रखंड के सभी छात्र-छात्राओं से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।


