16 माह से नहीं मिला ममता वाहन मालिकों को भुगतान, हड़ताल और धरना की दी चेतावनी

अनूप सिंह 

गढ़वा :- मझिआंव समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में चल रहे ममता वाहन मालिकों का 16 माह से भुगतान नहीं हुआ है। भुगतान नहीं मिलने से परेशान वाहन मालिकों ने असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, गढ़वा को लिखित आवेदन सौंपकर जल्द भुगतान कराने की मांग की है। साथ ही भुगतान नहीं होने पर हड़ताल करने और धरना पर बैठने की चेतावनी भी दी है। आवेदन में ममता वाहन मालिकों ने कहा है कि रेफरल अस्पताल, मंझिआंव का ममता वाहन मालिकों का माह अगस्त 2023 से नवंबर 2026 तक कुल 16 माह का राशि भुगतान नहीं किया जा रहा है। मालिकों का कहना है कि जुलाई माह में बीपीएम सर ने प्रभारी सर से बिल वाउचर पर साइन करा कर भुगतान नहीं किया गया। अन्य सभी वेंडर का भुगतान कर दिया गया, पर ममता वाहन मालिकों का भुगतान रोक दिया गया।

    वाहन मालिकों ने आवेदन में अपनी पीड़ा बताते हुए कहा है कि अब ममता वाहन मालिक डीजल खर्च का बोझ नहीं उठा सक रहे हैं। ऊपर से वाहन का बैंक का लोन भी देना पड़ता है। हम सभी लोग अपने घर से तेल भराकर प्रसव महिलाओं को घर से अस्पताल, अस्पताल के बाद अस्पताल से घर पहुंचाने का काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि हम सभी ममता वाहन मालिक बैंक से लोन लेकर कर्ज में डूब चुके हैं। अब तो कर्ज भी नहीं मिल रहा है। अब क्या घर का सामान राशन बेचकर ममता वाहन की सेवा दें।

जल्द भुगतान नहीं हुआ तो हड़ताल पर जाएंगे

      वाहन मालिकों ने कहा है कि जल्द से जल्द भुगतान कराने की कृपा करें। और अगर भुगतान नहीं किया जाता है तो हम सभी ममता वाहन मालिक हड़ताल करने पर मजबूर हो जाएंगे और धरना पर बैठ सकते हैं।

आवेदन पर वाहन मालिक राजेश कुमार दुबे, नसीम अंसारी, इरामत जहां, रेखा देवी, आजाद अंसारी सहित अन्य मालिकों के हस्ताक्षर हैं। आवेदन की प्रतिलिपि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, रेफरल अस्पताल, मझिआंव को भी दी गई है।

वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ गोविंद प्रसाद सेठ ने बताया कि आवंटन आते ही सबसे पहले ममता वाहन का भुगतान किया जाएगा।

Leave a Comment