बरडीहा में दाल-भात केंद्र का विधिवत संचालन शुरू:महिलाओं के लिए विशेष आह्वान, बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ किया सहभोज 

बीडीओ ने व्यक्तिगत रूप से दिया 500 रुपए का सहयोग

अनूप सिंह 

झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री दाल-भात योजना’ के तहत मंगलवार को बरडीहा प्रखंड कार्यालय स्थित दाल-भात केंद्र का प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने केंद्र के संस्थागत व विधिवत संचालन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुरंजन कुमार, प्रखंड इंजीनियर अनिकेश कुमार और श्यामाकांत विश्वकर्मा समेत कई कर्मी उपस्थित रहे। बीडीओ ने इन सभी अधिकारियों व कर्मियों के साथ केंद्र पर बैठकर भोजन (सहभोज) किया तथा भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता और साफ-सफाई का स्वयं जायजा लिया।

   निरीक्षण के दौरान केंद्र की संचालक ‘लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह’ की दीदियों द्वारा पानी की समस्या से अवगत कराए जाने पर, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने तुरंत प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देशित किया कि कल तक केंद्र पर हर-हाल में पानी की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की दीदियों को सख्त निर्देश दिया कि भोजन तैयार करते समय स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि आलू का चोखा बनाने, आटा गूंथने या कोई भी खाद्य सामग्री तैयार करने से पहले अच्छी क्वालिटी के एंटीसेप्टिक साबुन से हाथ अच्छी तरह धोएं। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि दाल-भात-चोखा के अलावा यदि सलाद आदि अतिरिक्त सामग्री परोसी जाती है, तो इसके एवज में शुल्क 5 रुपए की बजाय 10 रुपए लिया जा सकता है।

   समर्थवान लोगों और ब्लॉक कर्मियों के लिए सहयोग राशि

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आर्थिक रूप से संपन्न या समर्थवान व्यक्ति जो केंद्र पर भोजन करते हैं, वे स्वेच्छा से 20 रुपए का भुगतान करें, ताकि दीदियां आर्थिक रूप से उत्साहित होकर और बेहतर ढंग से लोगों को गुणवत्तापूर्ण भोजन करा सकें। इसके अलावा, ब्लॉक के सभी कर्मचारियों के लिए भी भोजन का न्यूनतम सहयोग मूल्य 20 रुपए निर्धारित किया गया है। केंद्र की व्यवस्था और दीदियों के प्रोत्साहन के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने अपनी तरफ से 500 रुपए का नगद सहयोग भी प्रदान किया।

महिलाओं और आम जनता के लिए विशेष आह्वान

प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने क्षेत्र की मातृशक्ति (महिलाओं) से विशेष आह्वान करते हुए कहा कि जो माताएं और बहनें रोजमर्रा के चूल्हा-चौका व खाना बनाने में अपना बहुमूल्य समय व्यतीत करती हैं, वे घर के खर्च से कम लागत और न्यूनतम शुल्क में अपने पूरे परिवार के साथ यहां आकर स्वादिष्ट व पौष्टिक भोजन का लाभ उठा सकती हैं।

उन्होंने प्रखंड आने वाले सभी आम नागरिकों से भी अपील की कि कागजी कार्यों या अन्य वजहों से दोपहर में विलंब होने पर कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे; वे निसंकोच दाल-भात केंद्र पर आएं और भरपेट भोजन करें।

   प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि इस केंद्र की गुणवत्ता, साफ-सफाई और पौष्टिकता की नियमित मॉनिटरिंग प्रशासनिक स्तर पर की जाएगी, ताकि सरकार की इस कल्याणकारी योजना का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें