प्रेम प्रसंग में युवक की संदिग्ध मौत, हत्या या आत्महत्या , परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम

विष्णु गुप्ता

 

बड़कागांव : केरेडारी प्रखंड के गर्रीकला निवासी निरंजन कुमार पिता- परमेश्वर साव की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बड़कागांव थाना क्षेत्र के पंकरी बरवाडीह स्थित भोक्ता स्थान मंदिर के पास शव को रखकर सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।परिजनों के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। इस संबंध में 13 अप्रैल को केरेडारी थाना में आवेदन भी दिया गया था, जबकि 14 अप्रैल को दोनों पक्षों को थाना बुलाने की बात सामने आ रही है।

वहीं 17 अप्रैल को आपसी समझौते को लेकर बातचीत चल रही थी।इसी बीच 16 अप्रैल की शाम करीब 7:05 बजे बरवाडीह मंदिर के पास निरंजन कुमार अपनी मोटरसाइकिल के साथ बेसुध अवस्था में पाए गए।स्थानीय लोगों ने उन्हें उठाकर उनके परिचितों को सूचना दी।इसके बाद परिजन उन्हें घर ले गए और फिर इलाज के लिए केरेडारी ले जाया गया।वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए हजारीबाग रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि लड़की पक्ष के लोगों ने युवक को बुलाकर किसी पदार्थ में जहर मिलाकर उसे मार दिया।बताया जा रहा है कि गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाते समय युवक का बयान वीडियो में रिकॉर्ड किया गया था, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।साथ ही एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है।घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त है।मौके पर पहुंची पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटी हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी गई है। मामले को लेकर बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने कहा कि सड़क जाम के समीप भीड़ से निकालकर बच्चों सहित 13 लोगों को थाना लाया गया।पूछताछ एवं जांच पड़ताल जारी है।मौके पर सीओ मनोज कुमार,थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि राजकुमार साव,एस आई अमित कुमार,छोटु उरांव, गजेन्द्र सिंह व बड़कागांव सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे।

Leave a Comment