शिक्षक-अभिभावक बैठक में वार्षिक परीक्षा व छात्र-छात्राओं की उपस्थिति पर हुई चर्चा

अनूप सिंह 

मोहम्मदगंज (पलामू): राजकीयकृत +2 रहमानिया उच्च विद्यालय तारा, मोहम्मदगंज में बुधवार को शिक्षक-अभिभावक बैठक (PTM) 2026 का आयोजन किया गया। बैठक में छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्यों, शिक्षकों, बाल सांसद एवं हाउस सदस्यों की मौजूदगी में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास एवं विद्यालय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में आगामी वार्षिक परीक्षा की तैयारी, छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति तथा मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा 2027 को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश और चर्चा की गई। इसके अलावा विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। अभिभावकों को विद्यालय में छात्र-छात्राओं को मिलने वाली विभिन्न सरकारी सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

बैठक में प्रधानध्यापक मनोज कुमार समेत विद्यालय के शिक्षक संतोष चौहान, अभिषेक कुमार, हरेंद्र सिंह यादव, संजय कुमार, श्रीराम पांडेय, शैलेश कुमार शुक्ला एवं आशीष कुमार पटेल के अलावा लिपिक सनोवार खातून और वीटी शिक्षक सरफराज आलम सहित अन्य अभिभावकों समेत पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति और अनुशासन को लेकर अपने सुझाव भी रखे।

Leave a Comment