अनूप सिंह
मोहम्मदगंज (पलामू):- सोननगर-गढ़वा रेलखंड के मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार शाम मेंटेनेंस कार्य के दौरान मालगाड़ी की चपेट में आने से रेलवे के टीआरडी विभाग के करीब 50 वर्षीय कर्मी अलखदेव यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी कर्मियों ने उन्हें टावर वैगन से जपला रेलवे स्टेशन पहुंचाया, जहां से हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहीं इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

अलखदेव यादव बिहार के औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र के गाजीकर्मा गांव निवासी फकीरा यादव के पुत्र थे। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। घटना के बाद रेलवे कर्मियों और परिजनों में शोक है। खबर लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था।



