अनूप सिंह
कांडी: थाना क्षेत्र अंतर्गत काचर गांव के समीप गुरुवार को जपला से कांडी की ओर आ रही मिक्चर लदा टेंपो अर्धनिर्मित नहर पुल के समीप चरबाटिया के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटनाग्रस्त टेंपो का नंबर JH 03 AP 3793 बताया गया है।

घटना में राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और टेंपो चालक बाल-बाल बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहर पुल का निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है, जिसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उक्त नहर में पुलिया का निर्माण कार्य लगभग दो वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है।संवेदक द्वारा डाईवर्शन बना कर छोड़ दिया गया है।बरसात के मौसम में उक्त डायवर्शन की स्थिति बद से बदतर हो जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में अथवा बारिश होने के बाद इस मार्ग की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, उक्त स्थान पर पहले भी कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, बावजूद इसके समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि अर्धनिर्मित पुल एवं सड़क की स्थिति को जल्द दुरुस्त कराया जाए तथा निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।



