झारखंड सरकार के मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री के निधन पर विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने जताया शोक

अनूप सिंह 

गढ़वा: जमशेदपुर में विगत दिनों हुए दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड सरकार की मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री के असामयिक निधन से शोक की लहर है। घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लोगों द्वारा शोक संवेदना व्यक्त की जा रही है।इसी क्रम में विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह सोमवार को रांची स्थित मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह के आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और इस अत्यंत कठिन समय में अपनी गहरी संवेदना एवं सहानुभूति व्यक्त की। 

 

विधायक ने परिजनों से घटना को लेकर जानकारी ली तथा उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि किसी भी माता-पिता के लिए संतान को खोने से बड़ा दुख, और कोई नहीं हो सकता। कम उम्र में असामयिक निधन की यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदय को झकझोर देने वाली है। इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के प्रति उनकी पूरी संवेदना है। उन्होंने कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई किसी भी शब्द से संभव नहीं है, लेकिन दुख की इस घड़ी में संवेदनाएं परिवार को संबल प्रदान कर सकती हैं।

विधायक ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि परमात्मा दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। श्री सिंह ने कहा कि पूरा समाज इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है। मौके पर विधायक ने परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार को धैर्य और हिम्मत बनाए रखना होगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को संबल प्रदान करने की कामना की।

जानकारी के अनुसार बताते चलें कि घटना जमशेदपुर सोनारी मरीन ड्राइव में गुरुवार की सुबह 3:00 बजे की बताई गई। हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी समेत चार लोगों की मौत की मौत हुई थी। जानकारी के अनुसार सभी स्विफ्ट डिजायर कार में सवार थे। तेज रफ्तार कार ने खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी थी। वहीं कार में सवार सभी लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में दो युवक और दो युवती शामिल है, जिसमें एक मंत्री की बेटी तृषा सिंह भी थी। 

 

Leave a Comment