उमेश कुमार
रमना: आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को रमना थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में जिप अध्यक्ष शांति देवी, प्रमुख करुणा सोनी ,सीओ विकास पांडेय एवं थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक समेत जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता व गणमान्य लोग उपस्थित थे।

बैठक में दशहरा पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी को लेकर चर्चा हुई। पुलिस गश्ती बढ़ाने और प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखने की मांग की गई। साथ ही अवैध शराब की बिक्री व सेवन पर प्रभावी रोक लगाने पर जोर दिया गया।

जिप अध्यक्ष शांति देवी ने कहा कि रमना में सभी पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाने की परंपरा रही है। इसे कायम रखते हुए शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाएं। सीओ ने पूजा के दौरान निर्धारित नियमों के अनुपालन की बात कही।

थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक ने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा बिना पुष्टि सोशल मीडिया पर सूचना प्रसारित नहीं करने की अपील की । साथ ही संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा। बैठक का संचालन सत्यप्रकाश धन्यवाद ज्ञापन ने किया। जबकि मौके पर मुखिया प्रतिनिधि विरेंची पासवान,चुन्नू सिंह,दिलीप ठाकुर,वीरेंद्र बैठा,बृजलाल विश्वकर्मा, नसीरुद्दीन अंसारी,गुलामअली अंसारी,दिनेश गुप्ता,रामचंद्र राम,नागेन्द्र सिंह ,मुन्ना सिंह, नवीजान अंसारी सहित कई लोग मौजूद थे।



