उमेश कुमार
रमना(गढ़वा):- स्थानीय आस्था और जनसहयोग का एक अनूठा उदाहरण पेश करते हुए रमना प्रखंड मुख्यालय स्थित गंगा तालाब छठ घाट परिसर में नवनिर्मित सूर्य मंदिर की छत की ढलाई का कार्य रविवार को सफलता पूर्वक पूरा कर लिया गया। यह पूरा निर्माण कार्य पूरी तरह से श्रमदान के माध्यम से संपन्न हुआ। जिसमें इलाके के श्रद्धालुओं और समिति के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अपना काम-धंधा छोड़कर जुटे श्रद्धालु
छठ महापर्व और भगवान सूर्य की उपासना के प्रति अटूट आस्था का परिचय देते हुए श्रद्धालुओं ने अपने निजी काम-धंधे को छोड़कर इस पुण्य कार्य में अपना श्रमदान दिया। सुबह 9:00 बजे से लेकर दोपहर 1:30 बजे तक लगातार कढ़ी धूप और मेहनत के बीच सभी ने मिलकर रिकॉर्ड समय में छत की ढलाई का काम पूरा कर लिया।

धार्मिक इतिहास के पन्नों में दर्ज हुआ नाम
कठिन परिश्रम और सेवा भाव से किए गए इस कार्य ने साबित कर दिया कि जब सामूहिक इच्छाशक्ति मजबूत हो, तो बड़े से बड़े काम भी बिना किसी सरकारी या व्यावसायिक मदद के संभव हो सकते हैं। इस श्रमदान में पसीना बहाने वाले सभी श्रद्धालुओं और सेवकों का यह योगदान स्थानीय धार्मिक इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है।
इस धार्मिक और सामाजिक कार्य को सफल बनाने में सूर्य मंदिर निर्माण समिति के सम्मानित सदस्यों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामवासियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी ने मिलकर एक मिसाल कायम की है, जिसकी क्षेत्र में चहुंओर सराहना हो रही है।




