आंधी-तूफान से दुर्गा मंडप का शेड ध्वस्त, पीपल का पेड़ गिरने से बिजली और सड़क बाधित

अनुप सिंह

कांडी :– प्रखंड क्षेत्र में सोमवार की दोपहर में आए बारिश एवं तेज हवा के कारण एक दुर्गा मंडप का शेड उड़ गया, वहीं विशाल पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति और सड़क यातायात बाधित हो गया।

राणाडीह पंचायत क्षेत्र के कुरकुटा गांव में बना दुर्गा मंडप का करकट शेड आंधी में पूरी तरह ध्वस्त हो गया। मिली जानकारी के अनुसार यह मंडप 2019 के चुनाव से पूर्व स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह के सहयोग से ग्रामीणों द्वारा बनवाया गया था। शेड उड़ने से मंडप को काफी नुकसान पहुंचा है।

वहीं दूसरी घटना खुटहेरिया पंचायत के समीप की है। यहां सड़क किनारे लगा पीपल का एक विशाल पेड़ आंधी में गिर गया। पेड़ बिजली के एलटी तार पर गिर जाने से क्षेत्र के काफी घरों की बिजली बाधित हो गई है।

साथ ही पेड़ बीच सड़क पर गिरने से आधे से ज्यादा सड़क अवरुद्ध हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण पेड़ को काटकर सड़क से हटाने की तैयारी में जुट गए हैं।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और प्रसाशन से शीघ्र बिजली बहाल करने और सड़क को यातायात के लिए सुचारू कराने की मांग की है।

Leave a Comment