बरडीहा बीडीओ: अनाथ बच्ची के स्कूल दाखिले और विधवा पेंशन का ऑन-द-स्पॉट दिया निर्देश; पुलिया व सड़क निर्माण का बनेगा प्रस्ताव

अनुप सिंह

बरडीहा: प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने क्षेत्र की वास्तविक स्थिति और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लेने के उद्देश्य से जतरो बंजारी गांव का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान बीडीओ ने गांव की कच्ची सड़कों, जल-जमाव और बुनियादी समस्याओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया।

   भ्रमण के दौरान बीडीओ श्री सिंह ने जब बच्चों से शिक्षा को लेकर बातचीत की, तो एक बच्ची द्वारा स्कूल न जाने का मामला सामने आया। ग्रामीणों ने बताया कि बच्ची के पिता का निधन हो चुका है और पारिवारिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह विद्यालय नहीं जा पाती। इस पर बीडीओ ने बेहद संवेदनशील रुख अपनाते हुए मौके पर उपस्थित मुखिया, पंचायत सचिव और अन्य कर्मियों को तुरंत बच्ची के सभी जरूरी कागजात दुरुस्त कर विद्यालय में उसका दाखिला सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। 

साथ ही, बच्ची की विधवा मां को अब तक ‘विधवा सम्मान पेंशन’ का लाभ न मिलने की बात पर उन्होंने सभी दस्तावेज तैयार कर अविलंब आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के आदेश दिए।

निरीक्षण के दौरान यह बात भी सामने आई कि बच्चों को नहर के पानी से होकर जोखिम भरे रास्ते से स्कूल जाना पड़ता है। इस पर संज्ञान लेते हुए बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने नहर पर तत्काल पुलिया निर्माण कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा गांव की कच्ची सड़कों और जल-जमाव से निजात दिलाने के लिए सड़क निर्माण की योजना को आगामी ग्राम सभा में प्राथमिकता के साथ शामिल करने को कहा।

भ्रमण के दौरान एक वृद्ध ग्रामीण ने आवास आवंटन को लेकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इस पर बीडीओ ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि इस बार प्राथमिकता के आधार पर उन्हें आवास का लाभ दिया जाएगा और एक माह के भीतर उनकी वृद्धा पेंशन स्वीकृत कराकर उन्हें सूचित किया जाएगा।

बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा, “कार्यालय में बैठने के बजाय जमीन पर जाकर जनता के बीच पहुंचने से ही वास्तविक समस्याओं की सही तस्वीर सामने आती है। ऑन-द-स्पॉट निरीक्षण से जहां समस्याओं की जमीनी हकीकत समझ आती है, वहीं जरूरतमंदों को त्वरित राहत भी मिलती है।” उन्होंने सभी पंचायत कर्मियों को सचेत किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुँचना चाहिए।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal