अनूप सिंह
बरडीहा: प्रखंड अंतर्गत थाना मोड़ के समीप कुंदरहे मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह के निर्देश पर अंचल अमीन ने दुर्घटना संभावित खतरनाक मोड़ की आधिकारिक मापी की। वहीं, सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को चिह्नित करते हुए उसे हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बीडीओ ने पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) के कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर बात कर निर्माण कार्य अविलंब शुरू कराने का आग्रह किया।
कुंदरहे मोड़ पर सड़क संकरी होने के साथ एल-शेप का तीखा घुमाव है। सड़क किनारे बड़े गड्ढे और गहरी खाई होने से यहां दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार, कई चारपहिया वाहन खाई में गिर चुके हैं, जबकि बाइक सवार भी दुर्घटनाओं का शिकार हुए हैं। इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए बीडीओ ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों की सुरक्षा और आवागमन सुगम बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। मापी पूरी होने के बाद आरसीडी के कार्यपालक अभियंता से संवेदक के माध्यम से सड़क चौड़ीकरण का काम शीघ्र शुरू कराने को कहा गया।

सरकारी जमीन पर अतिक्रमण चिह्नित:
निरीक्षण के दौरान मृत्युंजय पासवान द्वारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर दीवार खड़ी कर मंदिर निर्माण का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया। अंचल प्रशासन ने संबंधित स्थल को चिह्नित किया। अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने की बात कही, ताकि सड़क चौड़ीकरण में बाधा नहीं आए।

यात्री शेड कराया खाली:
चौक स्थित सार्वजनिक यात्री शेड में मृत्युंजय पासवान के द्वारा भूसा भरकर किए गए अवैध कब्जे को बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह और थाना प्रभारी राहुल सिंह की मौजूदगी में खाली कराया गया। संबंधित व्यक्ति को एक सप्ताह के भीतर शेड की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। उसने दिवाली से पहले मरम्मत, पुताई और रंग-रोगन पूरा कराने का लिखित आश्वासन दिया।
मौके पर थाना प्रभारी राहुल सिंह, समाजसेवी मुद्रिका चंद्रवंशी, जनप्रतिनिधि और करीब 100 से 150 ग्रामीण मौजूद थे। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों में सड़क सुरक्षा और वर्षों पुरानी समसया समाधान की आस जगी है।





