बेमौसम बारिश ने मझिआंव-बरडीहा के किसानों की तोड़ी कमर, खेतों में खड़ी धान की फसल पर संकट

महीनों की मेहनत और खेती में लगाई पूंजी बर्बाद होने की आशंका, किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की

अनूप सिंह 

गढ़वा:- बंगाल की खाड़ी से उठे अकवान साइक्लोन का असर प्रखंड क्षेत्र में जबरदस्त दिख रहा है। इससे लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में तैयार हो रही धान की फसल पर बारिश की मार पड़ रही है। कई किसानों की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है।कईयों की तैयार धान की फसल खेती में जमा पानी में डूब चुका है। मौसम की इस बेरुखी ने किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। महीनों तक दिन-रात मेहनत करने, खाद-बीज खरीदने और खेतों की जुताई-बुआई में अपनी गाढ़ी कमाई लगाने के बाद अब किसानों को फसल बर्बाद होने का डर सता रहा है।

किसानों का दर्द यह है कि खेती ही उनकी आजीविका का मुख्य सहारा है। धान की फसल से उन्हें पूरे साल के भोजन के साथ परिवार की अन्य जरूरतों को पूरा करने की उम्मीद रहती है। लेकिन लगातार बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेरना शुरू कर दिया है। पहले से ही महंगे खाद, बीज और खेती की बढ़ती लागत से परेशान किसानों के लिए यह स्थिति किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं है। यदि फसल को व्यापक नुकसान होता है तो किसानों के सामने परिवार का भरण-पोषण और अगली खेती की तैयारी करना भी चुनौती बन जाएगा।

इस संबंध में बरडीहा प्रखंड किसान संघर्ष मोर्चा सह विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी पुष्प रंजन मेहता ने प्रशासन से अविलंब पहल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसान देश का पेट भरने के लिए कठिन परिश्रम करता है, लेकिन प्राकृतिक आपदा की मार पड़ने पर उसकी मेहनत और पूंजी दोनों संकट में पड़ जाती हैं। उन्होंने प्रशासन से मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड के प्रभावित गांवों में तत्काल खेतों का सर्वे कराकर फसल क्षति का निष्पक्ष आकलन कराने तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसान बचेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें