अवैध राशि की मांग के वायरल ऑडियो मामले में जिला प्रशासन सख्त,दो स्वास्थ्य कर्मियों पर तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने हेतु अभियान निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को उपायुक्त ने लिखा पत्र

अनूप सिंह 

गढ़वा: श्री बंशीधर नगर अनुमण्डल क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) के प्रोत्साहन राशि भुगतान के एवज में कथित रूप से अवैध राशि की मांग किए जाने से संबंधित सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो के मामले में जिला प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लिया है।

इस मामले की जांच असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पदाधिकारी, श्री बंशीधर नगर द्वारा संयुक्त रूप से की गई। दिनांक 23 नवंबर 2026 को की गई जांच के उपरांत प्रथम दृष्टया श्री अभिषेक सिंह तंवर, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO), मड़वनिया तथा श्री राजीव रंजन, प्रखण्ड लेखा प्रबंधक, अनुमण्डलीय अस्पताल, नगर उंटारी की संलिप्तता सामने आई है। जांच दल ने संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की अनुशंसा की है।

उक्त जांच प्रतिवेदन के आलोक में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री पशुपति नाथ मिश्रा ने अभियान निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखण्ड, राँची को पत्र लिखकर श्री अभिषेक सिंह तंवर एवं श्री राजीव रंजन को तत्काल प्रभाव से नियमानुसार कार्यमुक्त करने की अनुशंसा की है।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि सरकारी प्रोत्साहन राशि के भुगतान के एवज में किसी भी प्रकार की अवैध राशि की मांग किया जाना गंभीर मामला है। यदि जांच में ऐसे आरोपों की पुष्टि होती है, तो संबंधित दोषी पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जानी आवश्यक है।

जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता है कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं लाभुकों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के भुगतान में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं शुचिता सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें