प्रशासन गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करेगा, निरंतर रखी जा रही है निगरानी: प्रवीण कुमार सिंह (बीडीओ)

सड़क का 5 वर्ष का मेंटेनेंस पीरियड, किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल प्रशासन को दें नागरिक
अनुप सिंह
बरडीहा:- प्रखंड क्षेत्र में मझिआंव-कांडी मुख्य सड़क से कुंद्रहे मोड़ से प्रखंड कार्यालय होते हुए निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर विभिन्न संचार माध्यमों, समाचार पत्रों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सवालों को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मामले के संज्ञान में आने के उपरांत प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने गुरुवार की सुबह सड़क का व्यापक पैदल निरीक्षण किया।

पैदल भ्रमण के दौरान बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने अहरा वाला बांध पर लंगोटिया बाबा के समीप पाया कि सड़क कई स्थानों पर किनारों से धंस रही है, दरक रही है तथा टूट रही है। इसके साथ-साथ बांध को पत्थर से पिचिंग किया हुआ है लेकिन वह भी जगह-जगह फट चुका है। सड़क निर्माण कार्य टीईपीएल कंस्ट्रक्शन के द्वारा करवाया जा रहा है। जो कि लगभग तीन माह पहले ही सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया है। वहीं लोगों को डर सता रहा है कि अगर बड़ी वाहन आ जाता है तो दुर्घटना का संभावना है।
गुणवत्ता में इस प्रकार की कमी पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और संवेदक को तत्काल मौके पर तलब किया। बीडीओ के कड़े निर्देश के बाद संवेदक द्वारा सड़क के विशेष मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू करा दिया गया है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि “संवेदक का 5 वर्षों तक मेंटेनेंस (रखरखाव) का अनुबंध है, लेकिन निर्माण स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन लगातार इसकी निगरानी कर रहा है।”
इसके साथ ही उन्होंने आम जनता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य में कहीं भी गुणवत्ता से समझौता या अनियमितता दिखे, तो अविलंब प्रशासन को सूचित करें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।





