उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन की योजनाओं की समीक्षा बैठक, 31 दिसंबर तक सभीझं़ दो योजनाओं को पूर्ण कर जलापूर्ति शुरू करने का निर्देश

अनूप सिंह 

गढ़वा:-  समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू की अध्यक्षता में आज जल जीवन मिशन के अंतर्गत क्रियान्वित 13 मल्टी विलेज स्कीम (MVS) एवं 31 सिंगल विलेज स्कीम (SVS) क्लस्टर की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की बारी-बारी से समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी योजनाओं को पूर्ण कर आमजन को नियमित जलापूर्ति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

समीक्षा के दौरान बैठक में अनुपस्थित संवेदकों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। वहीं, दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को आयोजित पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन नहीं करने वाले संवेदकों के प्रति उप विकास आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा उन्हें सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

उप विकास आयुक्त श्रीमती मुर्मू ने सभी संवेदकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि 31 दिसंबर 2026 तक सभी MVS एवं SVS क्लस्टर की योजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण करते हुए जलापूर्ति प्रारंभ करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं संवेदक आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करे

बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान पर भी विशेष जोर दिया गया। पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को लंबित अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जल्द निर्गत करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, सड़क निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइनों की शीघ्र मरम्मत कर जलापूर्ति पुनः प्रारंभ कराने हेतु पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

इसी क्रम में विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, गढ़वा के कार्यपालक अभियंता को जलापूर्ति योजनाओं में आ रही विद्युत संबंधी समस्याओं का सात दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि बिजली के अभाव में जलापूर्ति बाधित न हो और योजनाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गढ़वा के सभी सहायक अभियंताओं एवं कनीय अभियंताओं को योजनाओं के निर्माण कार्य की नियमित एवं कड़ाई से निगरानी करने, स्थल निरीक्षण करने तथा कार्यों की प्रगति पर सतत नजर बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा योजनाओं को समय पर पूर्ण कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता जल जीवन मिशन के तहत संचालित सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

बैठक में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सहायक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सभी सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता; जल जीवन मिशन के सभी जिला समन्वयक तथा सभी संबंधित संवेदक उपस्थित थे।

 

 

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal