स्थानीय शिक्षा व्यवस्था, शिक्षण से जुड़ी चुनौतियों, समस्याओं व समाधानों पर होगी चर्चा
अनूप सिंह

गढ़वा: सदर एसडीएम संजय कुमार के नियमित साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम ‘कॉफी विद एसडीएम’ की श्रृंखला के तहत इस सप्ताह कल यानि बुधवार 15 अप्रैल को गढ़वा अनुमंडल क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न शिक्षक संघों के पदाधिकारियों एवं शिक्षक प्रतिनिधियों को संवाद के लिए आमंत्रित किया गया है। इस बार कार्यक्रम में स्थानीय शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
उक्त संवाद कार्यक्रम बुधवार को अपराह्न 3:30 बजे अनुमंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों की दैनंदिन व्यवस्था, नवाचारी शिक्षा, छात्र ड्रॉप आउट, शिक्षकों से संबंधित समस्याओं, उपलब्ध संसाधनों के सदुपयोग जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक आदि सभी कोटि के आमंत्रित शिक्षक प्रतिनिधियों से उक्त संवाद कार्यक्रम में सहभागिता का अनुरोध किया है।
उल्लेखनीय है कि “कॉफी विद एसडीएम’ कार्यक्रम, पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से लगातार संचालित हो रहा है, इस पहल के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह समाज के किसी एक वर्ग के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को जाना जाता है। उसी के तहत इस सप्ताह सरकारी विद्यालयों के विभिन्न कोटि के शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करने वाले शिक्षक संघों के पदाधिकारियों को संवाद के लिए आमंत्रित किया गया है।



