त्वरित सहायता एवं सरकारी योजनाओं का दिया आश्वासन
अनुप सिंह
बरडीहा: प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बभनी में 19 अगस्त को गांव के ही असामायिक तत्वों के द्वारा साजिश के तहत मारे गए स्वर्गीय टप्पू रजवार पिता: स्वर्गीय चतुरगुन रजवार के शोकाकुल परिजनों से मिलने गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह उनके आवास पहुंचे। इस दौरान बीडीओ सह सीओ ने पीड़ित परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें हर संभव प्रशासनिक व आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया।

इस दौरान प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को तात्कालिक राहत के रूप में मौके पर ही 50 किलोग्राम चावल उपलब्ध कराया गया। वहीं मौके पर उपस्थित पंचायत सचिव को अविलंब विधिवत मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने का सख्त निर्देश दिया गया। इस दौरान परिजनों को दाह संस्कार एवं 12वीं (श्राद्ध कर्म) के उपरांत राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत आवेदन जमा करने को कहा गया, ताकि विभाग से तत्काल सहायता राशि स्वीकृत कराई जा सके।

वहीं मृतक की माता का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रतीक्षा सूची में दर्ज है। प्रशासन द्वारा इसे प्राथमिकता सूची में शामिल कर शीघ्र आवास स्वीकृति का पूर्ण आश्वासन दिया गया।प्रवीण कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और उन्हें यथासंभव सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं से त्वरित रूप से आच्छादित किया जाएगा।





