अनुप सिंह
मझिआंव :- प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय सोनपुरवा के सहायक अध्यापक अरुण कुमार चौधरी के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर पंचायत मुखिया अख्तर खान ने उपायुक्त गढ़वा को आवेदन दिया गया है। इसके साथ-साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा कार्यक्रम पदाधिकारी एवं मझिआंव बीआरसी कार्यालय को भी लेटर हेड पर आवेदन दिया है।
आवेदन में कहा गया है कि शिक्षक पर विद्यालय के समीप रात करीब 10:30 बजे एक महिला के घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप है। इस मामले में मझिआंव थाना कांड संख्या 73/26 दर्ज है, और आरोपी शिक्षक 26 जुलाई से गढ़वा कारावास में बंद है।

मुखिया ने कहा है कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय सोनपुरवा में वर्ग 8 तक छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। इस घटना से विद्यालय के छात्र एवं अभिभावक भयभीत हैं। इस संबंध में जब प्रधानाध्यापक एवं एसएमसी अध्यक्ष से कार्रवाई को लेकर पूछा गया तो उनके द्वारा बताया गया कि सहायक अध्यापक के विरुद्ध किसी प्रकार की विभागीय कार्रवाई हेतु कोई सूचना विभाग या जनप्रतिनिधि को नहीं दी जाएगी। शिक्षा विभाग मझिआंव में पता करने पर भी आरोपी के विरुद्ध कोई सूचना विभाग को नहीं दी गई है।
मुखिया द्वारा आवेदन के माध्यम से आरोप लगाया गया है कि विद्यालय का शैक्षणिक माहौल खराब करने में प्रधानाध्यापक एवं एसएमसी अध्यक्ष का योगदान है और वे आरोपी शिक्षक के समर्थन में खड़े हैं। इससे ग्रामीणों एवं अभिभावकों में आक्रोश है और उग्र आंदोलन की संभावना है।
पंचायत मुखिया अख्तर खान ने उपायुक्त से मांग की है कि आरोपी शिक्षक अरुण कुमार चौधरी को सेवा से बर्खास्त किया जाए तथा प्रधानाध्यापक को निलंबित एवं एसएमसी अध्यक्ष के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। आवेदन के साथ थाना द्वारा भेजी गई एफआईआर एवं डायरी की कॉपी संलग्न की गई है।





