अनुप सिंह
बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने क्षेत्र भ्रमण कर गांवों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। लेभरी गांव होते हुए खरडीहा पहुंचे,और बीडीओ ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
खरडीहा में निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र के मुख्य रास्ते पर अवरोध की शिकायत सामने आई। बीडीओ ने संबंधित व्यक्ति को मौके पर बुलाकर रास्ता तत्काल खाली कराने का निर्देश दिया। संबंधित व्यक्ति ने रास्ता बहाल करने पर सहमति जताई।

इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य उपकेंद्र खरडीहा का औचक निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने उपकेंद्र में बिजली की सुविधा नहीं होने, पहुंच पथ की समस्या और चिकित्सक की अनियमित उपस्थिति की शिकायत की। बीडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीपीओ को योजना के तहत तत्काल मिट्टी-मोरम पथ बनाकर पहुंच मार्ग दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। वहीं विद्युत विभाग के अभियंता को उपकेंद्र में अविलंब बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने को कहा। प्रतिनियुक्त चिकित्सक से दूरभाष पर संपर्क कर नियमित रूप से उपकेंद्र में उपस्थित रहने की हिदायत दी गई।

भ्रमण के दौरान धान की फसल में जबरन ट्रैक्टर चलाने को लेकर दो गोतिया पक्षों के बीच विवाद भी सामने आया। बीडीओ ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। बाद में थाना दिवस में दोनों पक्षों की सुनवाई कराई गई, जहां आपसी बैठक के माध्यम से विवाद सुलझाने पर सहमति बनी।
♦श
इधर सुबह करीब 9:30 बजे उत्क्रमित मध्य विद्यालय खरडीहा के निरीक्षण में प्रार्थना सभा नहीं होने और कक्षाएं संचालित नहीं पाए जाने पर बीडीओ ने प्रधानाध्यापक को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि शिक्षक स्वयं अनुशासन का पालन करेंगे, तभी बच्चों को समय और अनुशासन का महत्व सिखा सकेंगे। उन्होंने समय पर विद्यालय संचालन और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की चेतावनी दी।
बीडीओ ने कहा कि जनसुविधाओं और सरकारी योजनाओं में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्र में औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।





