बीडीओ ने बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष नजर रखने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से उन्हें दूर रखने को कहा
अनुप सिंह
बरडीहा लगातार बारिश और जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने आम लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। बरडीहा के बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने सोशल मीडिया व डिजिटल माध्यमों से वीडियो संदेश जारी कर लोगों से बरसात के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नदियों, तालाबों, नालों और अन्य जलस्रोतों में तेज बहाव के दौरान जाने से बचें। उफनती पुलिया या तेज बहाव वाले रास्ते को पार करने का जोखिम नहीं उठाएं। सेल्फी लेने या पानी के नजदीक जाकर लापरवाही करने से भी बचने की सलाह दी गई है।

बीडीओ ने बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष नजर रखने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से उन्हें दूर रखने को कहा। जलजमाव की स्थिति में बिजली के खंभों और तारों से दूरी बनाए रखने की अपील की। जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए सुरक्षित एवं उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी गई।

उन्होंने पशुपालकों से मवेशियों को ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखने को कहा। साथ ही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की।
बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। उन्होंने लोगों से सतर्कता बरतकर स्वयं और परिवार को सुरक्षित रखने में सहयोग करने की अपील की।





